बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद क्षेत्र के अमर सिंह इंटर कॉलेज लखावटी में मंगलवार को पुरानी रंजिश को लेकर छात्रों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कॉलेज की छुट्टी के बाद हुए विवाद में लाठी-डंडे चलने से दो छात्र घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लखावटी में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बहादुरपुर पसोंली गांव निवासी दीपेश और कृष्ण इंटरमीडिएट के छात्र हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कॉलेज की छुट्टी के बाद दोनों छात्र बाहर निकले थे। आरोप है कि इसी दौरान लखावटी गांव निवासी रितेश और रोहित करीब एक दर्जन युवकों के साथ वहां पहुंचे और दोनों छात्रों से गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने दीपेश और कृष्ण पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों छात्र घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित छात्रों ने थाने पहुंचकर रितेश और रोहित समेत करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। छात्रों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से आरोपी उन्हें परेशान कर रहे थे और जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे।
थाना प्रभारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
कॉलेज के बाहर छात्रों के दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडों से हमला; दो छात्र घायल
RELATED ARTICLES


