बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरी के शक में ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार ने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एसएसपी से मुलाकात कर शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, एक अज्ञात युवक ने चारा काटने की मशीन ले जाने के लिए ई-रिक्शा किराए पर लिया था। चालक मशीन लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और मशीन को चोरी का बताते हुए चालक और ई-रिक्शा बुक कराने वाले युवक की पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान ई-रिक्शा बुक कराने वाला युवक मौके से भाग निकला। इसके बाद भीड़ ने चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि चालक का चोरी से कोई संबंध नहीं है। वह केवल किराए पर ई-रिक्शा चलाकर मशीन लेकर जा रहा था। परिवार ने वायरल वीडियो भी एसएसपी को सौंपा है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के शक में ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई, परिजनों ने लगाई एसएसपी से न्याय की गुहार
RELATED ARTICLES


