बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव दोका में नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज दबंगों ने शराब के नशे में पीड़ित पिता और उसके परिजनों पर हमला बोल दिया तथा जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई तथा पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। आरोप है कि इसी रंजिश में दबंगों ने परिवार को निशाना बनाते हुए घर पहुंचकर मारपीट की। वायरल वीडियो में कुछ लोग पीड़ित पक्ष के लोगों को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं।
पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन शुरुआती स्तर पर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। वहीं मामले में पुलिस ने दो पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर दबंगों ने परिजनों को पीटा, मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES



