बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के नई अनाज मंडी में रविवार सुबह शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मंडी में तैनात सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान करीब 55 वर्षीय पप्पू पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। वह खुर्जा क्षेत्र के शेखूका-नंगला गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतक की बहन गुलावठी के खुशहालपुर में रहती है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक का शरीर काफी कमजोर था और शरीर का रंग पीला पड़ा हुआ था। उसकी जेब से गुटखे के कुछ पाउच भी मिले हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गुलावठी: नई अनाज मंडी में शिव मंदिर के पास व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप
RELATED ARTICLES


