बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में बकरीद के दिन हुई सूर्या नामक युवक की हत्या को लेकर बुलंदशहर जिले के हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आपको बता दें कि ज्ञापन में संगठनों ने सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर की सराहना करते हुए कहा कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए। संगठन पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा क्षेत्र में बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान चलाने की मांग प्रशासन से की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के निर्देशानुसार प्रदेशभर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।



