बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा देहात क्षेत्र में दबंगों ने एक ठेकेदार पर फिल्मी अंदाज में घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने फावड़े और लोहे की सरियों से ताबड़तोड़ वार किए जिससे ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उसके सिर, चेहरे और कान पर गहरी चोटें आई हैं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद घायल के बेटे और भांजे ने हमलावरों को पहचानने का दावा किया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी पहले से ही शातिर किस्म का व्यक्ति है। घायल ठेकेदार की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद नोएडा के हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी मुकदमेबाजी को लेकर विवाद चल रहा था जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खुर्जा: ठेकेदार पर जानलेवा हमला: फावड़े और सरियों से ताबड़तोड़ वार, छह नामजद आरोपी फरार
RELATED ARTICLES



