बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सलेमपुर क्षेत्र के गांव जटपुरा में विद्युत विभाग की टीम ने सोमवार को अनिल फूड प्रोडक्ट्स नाम से संचालित दूध की डेयरी पर छापा मार कार्यवाही की। यह कार्यवाही दूध की डेयरी पर बिजली चोरी की सूचना पर की गई। विभाग को मौके से प्लांट सोलर एनर्जी से संचालित पाया गया। वहीं एक केबिल की जांच की तो पता चला कि वह भी सोलर एनर्जी का था। इसके बाद बिजली विभाग की टीम खाली हाथ वापस लौट गई।
आपको बता दें कि ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता संजीव कुमार के नेतृत्व में एसडीएम सिकंदराबाद रविंद्र प्रताप सिंह, सीओ सिकंदराबाद प्रखर पांडे और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ जटपुरा स्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी गिरी के पति जगदीश गिरी की अनिल फूड प्रोडक्ट्स पर छापामार कार्यवाही की। बिजली विभाग की टीम ने जब जांच की तो यहां कोई बिजली कनेक्शन नहीं था और प्लांट सोलर एनर्जी से संचालित पाया गया। वहीं एक केबिल संचालक के घर की ओर जा रही है। जब इस केबिल की जांच पड़ताल की गई तो यह केबिल सोलर प्लांट से जुड़ा पाया गया। मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि डेयरी पर विद्युत विभाग का कोई कनेक्शन नहीं है वहां सोलर ऊर्जा से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। जिस केबिल के माध्यम से बिजली चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। जांच में वह सोलर सिस्टम की केबिल निकली। जांच के बाद टीम खाली हाथ वापस लौट गई। वहीं जगदीश गिरी का कहना है कि उन्होंने डेढ़ सौ किलोवाट लोड के लिए सोलर एनर्जी की 128 प्लेट लगाई गई है।
बिजली चोरी की सूचना पर दूध प्लांट पर छापा, सोलर पर चलता मिला प्लांट
RELATED ARTICLES


