बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरा मोहल्ले में शराब पीने से रोकने पर एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की फावड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय पुष्पेंद्र शराब पी रहा था। इसी दौरान उसके 68 वर्षीय पिता रामप्रताप ने उसे शराब पीने से मना किया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए पुष्पेंद्र ने घर में रखे फावड़े से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण रामप्रताप की मौके पर ही मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय शनिवार की शाम 04 बजे थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मौहल्ला देवीपुरा प्रथम में पुत्र द्वारा ही अपने पिता की हत्या कर देने के सम्बन्ध में सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो जानकारी हुई कि पुष्पेन्द्र ने अपने पिता रामप्रताप की फावडे से वार कर हत्या कर दी है। दोनो के बीच में सम्पत्ति को लेकर विवाद था। पुलिस द्वारा आरोपी पुष्पेन्द्र को हिरासत में लिया गया है तथा शव के पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
शराब पीने से रोका तो बेटे ने कर दी पिता की फावड़े से हत्या
RELATED ARTICLES


