बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बीबीनगर क्षेत्र में गांव चित्सोना अल्लीपुर निवासी विवाहित प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को उसके पति व परिजनों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। आरोप है कि युवक को करंट लगाया तथा जहरीला पदार्थ भी पिलाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आनन-फानन में अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान गौतमबुद्धनगर जिले के गांव रिशालू के रूप में हुई है।
आपको बता दें कि गांव रिशालू निवासी श्रीकिसन ने बताया कि उसका भाई 35 वर्षीय अवधेश गौतमबुद्धनगर के गांव सूरजपुर में चाय व समोसे का ठेला लगाता था। वहां पर 30 वर्षीय मंजू नाम की युवती से उसकी मित्रता थी। तीन माह पूर्व स्वजन ने मंजू का विवाह गांव चितसोना अल्लीपुर निवासी कृष्ण से कर दिया था। आरोप है कि 14 जून को सुबह 11 बजे अवधेश को मंजू ने मोबाइल पर काल करके अपने घर बुलाया। अवधेश ने बड़े भाई को यह जानकारी देकर वहां चला गया। अवषेश गांव चितसोना अल्लीपुर पहुंचा तो मंजू के पति व अन्य स्वजन ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपितों ने डंडों से अवधेश को जमकर पीटा। करंट लगाने के साथ जहरीला पदार्थ भी पिलाया गया। इस बीच ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल अवधेश को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपित फरार हो गए। भाई श्रीकिसन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित मंजू, उसके पति कृष्ण, दो देवर जंतू व गुलशन, एक महिला रेखा और कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि रविवार शाम डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। प्रारंभिक जांच में मंजू व अवधेश के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पति ने पीट-पीटकर की हत्या
RELATED ARTICLES



